बिलासपुर,२६ फरवरी (आरएनएस)। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषणएंटी करप्शन ब्यूरो (ए सीबी) ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिल्हा शाखा में करोड़ों रुपये के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कैशियर को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा बिल्हा के शाखा प्रबंधक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि १९ दिसंबर २०२४ से २ जनवरी २०२५ के बीच कैशियर और अन्य कर्मचारियों द्वारा पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक रिकॉर्ड व खातों में छेड़छाड़ कर ₹२,०६,३७,६०० का गबन किया गया, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
शिकायत के आधार पर एसीबी मुख्यालय रायपुर में १९ जनवरी २०२६ को तत्कालीन कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम १९८८ (संशोधित २०१८) तथा विभिन्न धाराओं बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक ०३/२०२६ दर्ज कर जांच शुरू की गई।
स्टेट बैंक द्वारा की गई विभागीय जांच में भी कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों द्वारा आर्थिक अनियमितता व गबन किए जाने की पुष्टि हुई। एसीबी बिलासपुर की विवेचना में संकलित साक्ष्यों से भी आरोपों की पुष्टि होने पर टीम उनकी तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैशियर बिल्हा स्थित स्टेट बैंक शाखा में गोपनीय रूप से आने वाली है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसीबी बिलासपुर टीम ने २६ फरवरी २०२६ को उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जांच के लिए जप्त किया गया है।
गिरफ्तार कैशियर को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

