भोपाल 26 फरवरी (आरएनएस)। मिसरोद इलाके में बुधवार शाम ट्रैफिक विवाद के बाद निरंजन अखाड़े से जुड़ी साध्वी की कार में स्थानीय लोगों ने तोडफ़ोड़ कर दी, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। कुछ ही देर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर की। तड़के एफआईआर दर्ज कर ली गई। तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मिसरोद पुलिस के मुताबिक साध्वी रंजना दीदी निरंजन अखाड़े से जुड़ी हुई हैं। वह अपने भाई और बहन के साथ कार से जा रही थीं। मिसरोद थाने के पास कट पाइंट पर सामने से आई गाड़ी के कारण उनकी कार ट्रैफिक में फंस गई और जाम लग गया। गुस्से में साध्वी कार से उतरीं और सामने वाले चालक को एक तमाचा मार दिया। इसके बाद स्थानीय लोग इक_ा हुए और साध्वी की कार में तोडफ़ोड़ कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक पुलिस बल तैनात रहा और दोनों पक्षों से बातचीत की गई।
इधर, साध्वी का कहना था कि कार चालक उन्हें घूर रहा था और गलत इशारे किए। इसलिए गुस्से में उसे तमाचा मारा। वहीं, साध्वी के साथ हुई इस घटना के बाद विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मिसरोद थाने पहुंच गए थे। इसकी जानकारी मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही। गुरुवार तड़के साध्वी की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई।

