भोपाल 26 फरवरी (आरएनएस)। पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर को पुलिस की चालानी कार्रवाई के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। सिग्नल तोडऩे पर पुलिसकर्मियों ने एक ई-रिक्शा चालक को रोका और चालानी कार्रवाई करने की बात कही तो रिक्शा चालक से विवाद हो गया और जब पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा थाने में ले जाने को कहा तो ई-रिक्शा में पीछे बैठी चालक की पत्नी ने जहर खा लिया।
इसके बाद दोनों पुलिसकर्मी भागकर पुराने कंट्रोल रूम में घुस गए। रिक्शाचालक भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया। इस बीच उसकी पत्नी रिक्शा में ही तड़पती रही। अन्य पुलिसकर्मियों की समझाइश पर युवक पत्नी को रिक्शा से ही अस्पताल लेकर रवाना हो गया।
हालांकि अभी तक अरेराहिल्स और जहांगीराबाद पुलिस को किसी भी अस्पताल से महिला के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार नवल कुशवाहा उर्फ राहुल बरखेड़ी क्षेत्र का रहने वाला है। वह ई-रिक्शा चलाता है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह पत्नी के साथ जहांगीराबाद क्षेत्र से न्यूमार्केट की ओर जा रहा था। तभी पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर वह सिग्नल तोड़कर आगे बढऩे लगा तो चैकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका।
चालान कटवाने को कहा और ऐसा न करने पर थाने चलने की चेतावनी दी। आरोप है कि इससे डरकर उसकी पत्नी पूजा ने बैग से चूहामार दवा निकालकर खा ली। बाद में पुलिसकर्मी प्वाइंट छोड़कर वहां से भाग गए और फिर नवल उर्फ राहुल ने कंट्रोल रूम में हंगामा किया।
नवल पत्नी पूजा की हालत बिगड़ती देखने के बाद भी करीब 10 मिनट तक तिराहे पर ही हंगामा करता रहा। उसने ट्रैफिक चौकी के बाहर खड़ी पुलिस जवानों की बाइकों में तोडफ़ोड़ कर दी। लोग उसे समझाते रहे कि वह पहले पत्नी को अस्पताल पहुंचाए। लेकिन वह लगातार कहता रहा कि पत्नी को मर जाने दो। जब तक पुलिसकर्मी वापस नहीं आते, मैं नहीं जाऊंगा।
ट्रैफिक एसीपी अजय बाजपेयी ने कहा रिक्शाचालक ने सिग्नल जंप किया तो पुलिसकर्मियों ने उसे रोका। नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात सुनते ही वह उत्तेजित हो गया। समझाइश का प्रयास किया तो अभद्रता करने लगा। आसपास के निजी अस्पतालों में चेक कराया है, जहां महिला को भर्ती किए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिन पुलिसकर्मियों ने रिक्शा रोका था, उनके नाम फिलहाल साफ नहीं हो सके हैं। जांच कराई जा रही है।

