चेन्नई,27 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अहम मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक (50) जड़ा। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां और जिम्बाब्वे टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 23 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही भारतीय टीम 256/4 का विशाल स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
भारत को पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक शर्मा (55) के रूप में तीसरा झटका लगा था। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए हार्दिक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) के साथ चौथे विकेट के लिए 20 रन और तिलक वर्मा (44) के साथ 5वें विकेट के लिए 31 गेंदों में 84 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 23 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के जड़े।
हार्दिक ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 135 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 104 पारियों में 28.53 की औसत और 145.58 की स्ट्राइक रेट से 2,226 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं। गेंदबाजी में पांड्या ने 122 पारियों में लगभग 27 की औसत से 110 विकेट लिए हैं। उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/16 का रहा है।
००

