रायपुर 11 जुलाई 2026/ सड़कों पर ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की पहल शुरू हो गई है। अब जाम की सूचना मिलते ही आधुनिक वाहनों से लैस क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तुरंत मौके पर पहुंचेगी और यातायात व्यवस्था सामान्य करेगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को शहर में निर्बाध और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 10 नए आधुनिक वाहन उपलब्ध कराए। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने शहर के जाम प्रभावित प्रमुख स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लेकर QRT टीमों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही संबंधित टीम बिना देरी मौके पर पहुंचे और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करे। QRT के इन नए वाहनों को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, ताकि ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य यातायात बाधाओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान किया जा सके।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि कहीं भी जाम की स्थिति बनने पर तत्काल यातायात हेल्पलाइन 94792 10632 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही निकटतम QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल करेगी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फिलहाल, रायपुर पुलिस की यह पहल बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच शहरवासियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि नागरिकों की समय पर सूचना और QRT की त्वरित प्रतिक्रिया से राजधानी में जाम की समस्या पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सकेगा और यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु होगी।




