भोपाल 27 फरवरी (आरएनएस)।मध्य प्रदेश विधानसभा के बाहर श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने बिना नारेबाजी के सिर्फ उलटे खड़े होकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। विधानसभा परिसर में शीर्षासन करते हुए कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना था कि उनके खिलाफ जानबूझकर झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। सरकार कांग्रेस विधायकों को डराने की कोशिश कर रही है।
विधायक का कहना है कि श्योपुर में शिव बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की गई है। उनका आरोप है कि सरकार विपक्षी विधायकों को डराने की कोशिश कर रही है। विधायक बाबू जंडेल ने कहा, मेरे ऊपर झूठी एफआईआर कराई जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलते हैं और सत्य व अहिंसा के रास्ते पर संघर्ष करते रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, श्योपुर में एक शिव बारात के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई थी। इसी मामले में बाबू जंडेल पर एफआईआर दर्ज की गई। विधायक का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है और उन्हें निशाना बनाने के लिए की गई है।
विधानसभा परिसर के बाहर किसी विधायक द्वारा इस तरह मौन उलटे खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करना पहली बार देखने को मिला। उनके इस तरीके ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार विपक्ष के विधायकों को दबाने और डराने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, पार्टी ने इस मामले को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़ते हुए सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसे लेकर सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह माहौल गर्म रहने की संभावना है।

