भोपाल 27 फरवरी (आरएनएस)। विधानसभा के बजट सत्र का आज 10वां दिन रहा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की।
मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 दिनों तक चला, जिसकी कुल कार्यवाही 62 घंटे दर्ज की गई। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सदन में साझा की।
सदन के समापन के संकेत मिलते ही कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि समेत अन्य विधायकों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जिन विभागों पर चर्चा नहीं हो सकी, उन पर विचार होना चाहिए क्योंकि सदस्य पूरी तैयारी के साथ आए थे और बिना चर्चा के पारित करना गलत परंपरा है। वहीं डिप्टी सीएम व वित्त-वाणिज्य कर मंत्री जगदीश देवड़ा ने समापन से पहले सरकार के वित्तीय प्रस्ताव पढ़कर सुनाए और पक्ष-विपक्ष दोनों का आभार जताया।
कांग्रेस विधायक अनुभव मुंजारे ने आरोप लगाया कि सदन की कार्यवाही समय से पहले समाप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें सात विभागों के बजट पर बोलना था, लेकिन अध्यक्ष की व्यवस्था के कारण उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल पाया।

