राजनांदगांव 27 फरवरी 2026(आरएनएस) आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए थाना सोमनी पुलिस ने कमर कस ली है। होली से पहले किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि और कोटवार शामिल हुए।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव ने की। बैठक में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि होली के नाम पर किसी भी तरह की जबरदस्ती, नशाखोरी या शांति भंग करने की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में रखने, किसी पर जबरन रंग-गुलाल न लगाने और मुखौटा पहनकर उपद्रव करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
होलिका दहन को निर्धारित समय पर और नियमों के तहत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को समझाइश दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उद्देश्य यही है कि होली रंगों के साथ खुशियों का त्योहार बने, न कि विवाद और अव्यवस्था का कारण।

