नईदिल्ली,28 फरवरी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन की तारीखों को ऐलान हो गया है। क्रिकइंफो के मुताबिक, आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से शुरू होगा और इसका फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। खबरों के मुताबिक, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल अगले हफ्ते मीटिंग करेगी ताकि शेड्यूल जारी करने के प्लान को फाइनल किया जा सके। बता दें कि कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके चलते शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा में देरी हुई है।
ऐसी भी खबर है कि आईपीएल के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अगले हफ्ते की जाएगी। असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों की तारीखें अभी तक घोषित नहीं हुई हैं। इन राज्यों में आईपीएल के मैच खेले जाने हैं। इससे पहले 2009, 2014, 2019 और 2024 में चुनावों के समानांतर आईपीएल के मुकाबले 2 भागों में खेले गए थे। ऐसी उम्मीद है कि गवर्निंग काउंसिल इस बार भी यही योजना रख सकती है।
यह अभी साफ नहीं है कि टूर्नामेंट का पहला मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा या नहीं। आम तौर पर आईपीएल का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन के घरेलु मैदान पर होता है, लेकिन चिन्नास्वामी के भविष्य को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को राज्य सरकार से चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैच करने के लिए सशर्त मंजूरी मिल गई है।
००

