बल्दीराय/सुलतानपुर,28 फरवरी (आरएनएस)। शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुलतानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइल स्टोन 87.5 के पास मार्ग किनारे खड़े एक गैस से भरे टैंकर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक धर्मेंद्र पुत्र राजेंद्र निवासी बहोरापुर, थाना अखंडनगर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खलासी रूप किशोर पुत्र रामदास को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा टीम और हलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से 100 सैया संयुक्त चिकित्सालय, पिठला कुमारगंज (अयोध्या) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि टैंकर में गैस भरी हुई थी और टक्कर के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। एहतियातन पुलिस ने यातायात को रोककर डायवर्ट कर दिया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी पुलिस बल के साथ मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

