सुलतानपुर,28 फरवरी (आरएनएस)। जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल को अचानक बंद करने का फैसला जिले की सियासत में गर्मी ला रहा है। समाजवादी पार्टी के युवा नेता विपिन प्रकाश सिंह दीपक ने इसे किसानों के साथ बड़ा धोखा बताते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने खुलासा किया कि मिल बंद करने का मुख्य मकसद 14 हेक्टेयर की कीमती जमीन को बेचना है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत 250 से 300 करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है।
श्री सिंह ने कहा यह सोंची समझी साजिश है। मिल को बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस या गन्ना समितियों से चर्चा के पेराई प्रक्रिया रोक दी। यह नियमों का खुला उल्लंघन है। हजारों किसान प्रभावित हैं उनके गन्ने खेतों में खड़े हैं, अब मजबूरन कम दाम पर निजी मिलों में बेचने को विवश हैं, जिससे करोड़ों का नुकसान हो रहा है। नेता ने आरोप लगाया कि मिल की मरम्मत के नाम पर आए करोड़ों रुपये में गड़बड़ी हुई, फंड का दुरुपयोग किया गया, जबकि कोई ठोस मरम्मत नहीं हुई। इस सत्र में मिल की क्षमता 22 लाख किं्वटल गन्ना पेराई करने की थी, लेकिन जानबूझकर रोका गया। श्री सिंह ने बताया कि मिल की 14 हेक्टेयर (लगभग 25-30 लाख विश्वा) जमीन आज बाजार में 250 से 300 करोड़ रुपये मूल्य की है। यही जमीन बंदी का असली कारण है। बसपा शासन में मिल बेचने की कोशिश हुई थी, जिसमें बाजाज ग्रुप, बलराम ग्रुप और जेपी ग्रुप जैसे बड़े नाम इच्छुक थे, लेकिन किसानों-कर्मचारियों के विरोध और हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से रुकी। पूर्व सांसद मेनका गांधी और मुख्यमंत्री ने नवीनीकरण का वादा किया था, जो महज जुमला साबित हुआ। सपा नेता ने किसानों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील की और कहा कि सपा सत्ता में लौटते ही मिल को मजबूत बनाकर किसानों का हक सुनिश्चित किया जाएगा।
इंसेट-
तौल ठप, गन्ना सूख रहा, किसानों में आक्रोश
हैदरगढ़ चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर पिछले तीन दिनों से तौल कार्य पूरी तरह बंद है। परिणामस्वरूप केंद्र परिसर में डेढ़ हजार कुंतल से अधिक गन्ना पड़ा सूख रहा है। किसानों को तेजी से वजन घटने के कारण भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिससे भुगतान भी प्रभावित होगा। कुड़वार के प्रभावित किसान आनन्द प्रकाश मिश्रा, लल्लू लाल पाठक, विवेक सिंह, प्रदीप पाठक आदि ने बताया कि समय पर तौल न होने से गन्ने की गुणवत्ता और वजन दोनों घट रहे हैं। वे कहते हैं, हमारा मेहनत का फसल बर्बाद हो रहा है, जिम्मेदार कौन। चीनी मिल के गन्ना विकास अधिकारी अभिजीत ने बताया कि मजदूरों से वार्ता जारी है। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि स्थिति जल्द सामान्य की जाएगी और तौल कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

