देहरादून 1 मार्च (आरएनएस)। 16वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स के स्थापना दिवस पर वीर नारियों को सम्मानित किया गया। बटालियन पूर्व सैनिक संगठन की ओर से रविवार को कारगी चौक स्थित जेपी प्लाजा फार्म हाउस में 46वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी शामिल हुए। उन्होंने बटालियन की वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित पूर्व सैनिकों और अतिथियों ने बटालियन के शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूरे जोश के साथ रेजिमेंटल गीत गाया गया और केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं। इस खास मौके पर बटालियन के शौर्य चक्र विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल गोपी चंद राठौर की माता कृपांशी देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने इस मौके पर पूर्व सैनिकों के जज्बे की सराहना की। उन्होंने कहा कि नागरिक जीवन में आने के बाद भी पूर्व सैनिक अपनी बटालियन और सेना का मान-सम्मान लगातार बढ़ा रहे हैं। बटालियन आज भी देश सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर रही है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है। संगठन के अध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि बहुत जल्द यह बटालियन संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए भी जाने वाली है। कलाकारों ने देशभक्ति और शानदार गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह में चार चांद लाग दिए। इस मौके पर पूर्व सैनिक पर्वतीय जन कल्याण समिति के अध्यक्ष निरंजन चौहान, कैप्टन गणेश सिंह, बुद्धिसागर डोभाल, जयप्रकाश कोठारी, बीरेंद्र कंडारी, सुरेंद्र सिंह, हरीश सकलानी, आनंद राणा, ईश्वरी दत्त, बीरेंद्र धनोला, देव किशन, सुनील कोटनाला, मनमोहन सिंह, अनुसूया प्रसाद, मोहन सिंह, सुनील सिंह, शेखर सिंह और विनोद अवस्थी शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

