नईदिल्ली,02 मार्च। टी-20 विश्व कप 2026 के 51वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराकर लगातार 7वीं जीत दर्ज की। वहीं, जिम्बाब्वे सुपर-8 में अपने सभी मुकाबले हार गई। इस टूर्नामेंट में उनका सफर यहीं समाप्त हो गया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सिकंदर रजा ने अकेले पारी संभाली और 73 रन बनाए। उनके अलावा जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। जवाब में डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 18 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। रजा ने गेंदबाजी में भी जलवा दिखाया और 3 विकेट चटकाए। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
रजा ने मैच में 43 गेंदों का सामना किया और 73 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 169.77 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 17वां अर्धशतक रहा, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका दूसरा पचासा था। उन्होंने इस विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक 133 मुकाबले खेले हैं और इसकी 128 पारियों में 26.62 की औसत से 3,089 रन बनाने में सफल रहे हैं।
रजा टी-20 विश्व कप में में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले जिम्बाब्वे के तीसरे कप्तान बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ ब्रेंडन टेलर द्वारा बनाए गए 59 रन के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए विश्व कप में जिम्बाब्वे के कप्तान के रूप में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी दर्ज किया। रजा की यह पारी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के लिए तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है।
लुंगी एनगिडी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रोटियाज टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के रयान बर्ल (5) को आउट कर ये उपलब्धि हासिल की। इस खिलाड़ी ने स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी को पीछे छोड़ा है। एनगिडी ने 63 मुकाबले खेले हैं और इसकी 63 पारियों में 20.32 की औसत और 8.58 की इकॉनमी रेट से 90 विकेट लिए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

