फतेहपुर, बाराबंकी 2 मार्च (आरएनएस ) आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक गजेन्द्र प्रसाद और उनकी टीम ने रविवार को व्यापक छापेमारी की। अभियान के दौरान फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बेहड़पुरवा में ड्रोन की मदद से सघन तलाशी ली गई। इसके अतिरिक्त बसारा, कस्बा कुर्सी (थाना कुर्सी), कस्बा फतेहपुर और साढ़ेमऊ (थाना फतेहपुर) में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 फतेहपुर ने अधीनस्थ स्टाफ और स्थानीय पुलिस बल के साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में कुल 18 स्थानों पर छापेमारी करते हुए लगभग 90 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह अभियान जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण नियंत्रण के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह ने आबकारी निरीक्षक गजेंद्र प्रसाद के साथ फतेहपुर और साढ़ेमऊ स्थित देशी एवं कंपोजिट मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक, रेट लिस्ट और माप-तौल की जांच की गई। उपजिलाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि शराब की बिक्री निर्धारित प्रिंट रेट पर ही की जाए और ग्राहकों को शुद्ध तथा पूरी मात्रा में मदिरा उपलब्ध कराई जाए। किसी भी अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने बताया कि ऐसे निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

