उदयपुर/नई दिल्ली ,03 मार्च (आरएनएस)। मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली स्थित संसद भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक विभिन्न विषयों पर आत्मीय चर्चा हुई। मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास पर मंथन मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और डॉ. लक्ष्यराज सिंह के बीच मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने बप्पा रावल से लेकर महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप जैसे महान वीरों की राष्ट्रभक्ति और उनके आदर्श जीवन मूल्यों को भारत की अनमोल धरोहर और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा पथ बताया।
प्रधानमंत्री को उदयपुर आने का न्यौता
डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को उदयपुर (मेवाड़ राजमहल) आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री ने इस न्यौते को सहर्ष स्वीकार करते हुए डॉ. लक्ष्यराज सिंह के प्रति अपनत्व प्रकट किया। डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने पीएम मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर भारत की मजबूत पहचान और प्रगतिशील सशक्त भारत की उपलब्धियों के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
उपस्थित गणमान्य सदस्य
इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान डॉ. लक्ष्यराज सिंह के साथ उनका पूरा परिवार मौजूद था, जिनमें शामिल थे:
कनकवर्धन सिंह देव : डॉ. लक्ष्यराज सिंह के ससुर एवं ओडिशा सरकार के डिप्टी सीएम (पटना-बालांगीर रियासत के महाराजा)।
संगीता कुमारी सिंह देव : सासू माँ एवं भाजपा की पांच बार की सांसद।
निवृत्ति कुमारी मेवाड़ : डॉ. लक्ष्यराज सिंह की पत्नी।
बच्चे : सुपुत्र हरितराज सिंह मेवाड़, सुपुत्री मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ और प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़।
यह शिष्टाचार भेंट राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो मेवाड़ के ऐतिहासिक मूल्यों और आधुनिक भारत के नेतृत्व के बीच एक मजबूत कड़ी को दर्शाती है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

