नई दिल्ली ,03 मार्च (आरएनएस)। लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने होली की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने अपने संदेश में कहा है: रंग, उमंग और आपसी सद्भाव के पर्व होली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। रंगों का यह त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक भाईचारे की जीवंत अभिव्यक्ति है। होली हमें याद दिलाती है कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयाँ क्यों न आएँ, प्रेम, विश्वास और सकारात्मकता के रंग हर अंधकार को दूर कर सकते हैं। जब हम एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, तो हम भेदभाव की दीवारों को तोड़कर समानता और एकता का संदेश देते हैं। यही हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है।
हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है। लेकिन होली का उत्सव हमें एकता और बंधुता के सूत्र में बाँधता है।
आइए, इस होली पर हम यह संकल्प लें कि हम अपने समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव के रंग भरेंगे, और उन लोगों तक भी उत्सव की उमंग पहुँचाएँगे जो किसी कारणवश अकेले हैं या जरूरतमंद हैं।
एक बार पुन: सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपका जीवन खुशियों के रंगों से सदा सराबोर रहे, और हमारा राष्ट्र प्रेम, प्रगति और एकता के रंगों से निरंतर जगमगाता रहे।
00

