उज्जैन 03 March, (Rns) । उज्जैन जिले के ग्राम राघौ–पिपलिया में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मामला नानाखेड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां गांव के बाहर स्थित लक्ष्मी सरोवर में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित (14 वर्ष) और दीपेश (15 वर्ष) होली खेलने के बाद सरोवर में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां मौजूद एक अन्य किशोर शुभम ने यह दृश्य देखा और तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरोवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

