बीजापुर,03 मार्च(आरएनएस)। होली एवं ईद पर्व के मद्देनजऱ एसडीएम भैरमगढ़ विकास सर्वे ने शांति समिति की बैठक आयोजित कर समाज प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में सभी समुदायों से आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया गया।
एसडीएम ने कहा कि होली और ईद जैसे पावन पर्व हमारे देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर सभी धर्मों का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर खुशियां बांटना हमारी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित समाज प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
भैरमगढ़ में आयोजित यह बैठक सामाजिक एकता और भाईचारे का सशक्त संदेश लेकर आई है, जिससे क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाए जाने की उम्मीद है।
०००

