राजनांदगांव, 03 मार्च (आरएनएस)। होली पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घुमका पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में उत्पात मचा रहे दो युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और डोंगरगांव एसडीओपी मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि घुमका चौक के पास दो युवक नशे की हालत में हुड़दंग कर रहे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान गणेश यादव (28 वर्ष) पिता ईश्वरी यादव एवं दुर्गेश निषाद (19 वर्ष) पिता संतोष निषाद दोनों निवासी ग्राम घुमका, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।
पुलिस ने कहा कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
०००

