बिलासपुर, 03 मार्च (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 711 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। सभी मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट, तेज एवं लापरवाह ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, गलत दिशा में वाहन चलाने और मोबाइल उपयोग करते हुए ड्राइविंग करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस की समीक्षा में सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सड़क दुर्घटनाएं सबसे अधिक होती हैं। इसे देखते हुए इस समयावधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आई टी एम एस के माध्यम से भी यातायात नियम तोडऩे वालों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की जा रही है और समन शुल्क वसूला जा रहा है। होली पर्व को देखते हुए शहर में प्रमुख स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग पॉइंट लगाकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
यातायात पुलिस की अपील:
होली का पर्व शांति, सौहार्द और संयम के साथ मनाएं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
००

