0 शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करें
सुकमा, 03 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर अमित कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी ‘रिजल्ट ओरिएंटेडÓ कार्यप्रणाली अपनाते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।
सुशासन एवं प्रशासनिक अनुशासन
कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में आधार-आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य होगी। सोमवार से बुधवार तक सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर जन-समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आम नागरिकों की सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में हेल्प डेस्क एवं सिंगल विंडो सिस्टम प्रारंभ किया जा रहा है।
स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना कार्य
बैठक में निर्देशित किया गया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए। जिला चिकित्सालय में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा 108 एंबुलेंस सेवा की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। जगरगुंडा, कोंटा एवं दोरनापाल में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण कार्य, स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स एवं पुस्तकालयों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधार नामांकन, डीबीटी और विनिर्माण कार्यों से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश बैठक में दिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं ग्रामीण विकास
खाद्य विभाग को प्रत्येक माह की 7 तारीख से पूर्व उचित मूल्य दुकानों में राशन पहुंचाने तथा वर्षा प्रभावित दूरस्थ क्षेत्रों में अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (2024-25) के लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने एवं विद्यालयों में बालिकाओं हेतु अनिवार्य रूप से शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। मिशन कनेक्ट पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर सहित अन्य जिलाधिकारी उपस्थित थे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

