बिलासपुर, 03 मार्च (आरएनएस)। कोटा क्षेत्र के करगीखुर्द गांव में खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर ग्रामीणों से जबरन वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने नशे का कारोबार करने का आरोप लगाकर एक युवक से 54 हजार रुपये वसूल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। करगीखुर्द निवासी अभिषेक सिंह के अनुसार गुरुवार देर रात स्कॉर्पियो वाहन में सवार दो युवक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। करीब एक घंटे बाद वे वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर बाहर बुलाया। परिचित के कॉल पर घर से बाहर निकले अभिषेक को युवकों ने जबरन वाहन में बैठाकर गांव से बाहर ले गए। वहां एक युवक ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का जवान बताते हुए डेढ़ लाख रुपये की मांग की और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। दबाव में आकर अभिषेक ने घर से 54 हजार रुपये मंगवाकर उन्हें दे दिए, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने एक अन्य ग्रामीण के घर पहुंचकर उससे भी रकम वसूली की। घटना की जानकारी मिलने पर अभिषेक ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और तीन युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक पूर्व में पुलिस वाहन चालक रह चुका है और क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी होने के कारण लोगों को धमकाकर वसूली करता था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
०

