रायपुर, 03 मार्च (आरएनएस)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस (ग्रामीण) ने व्यापक विशेष अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत अलग-अलग धाराओं में कुल 613 व्यक्तियों/प्रकरणों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश और राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में समस्त पुलिस बल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। संवेदनशील थाना क्षेत्रों माना, मंदिर हसौद, आरंग, धरसींवा, अभनपुर, गोबरानवापारा, राखी, विधानसभा, खरोरा और तिल्दा नेवरा में एक साथ समन्वित कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 223 लंबित वारंटों की तामिली सुनिश्चित की, जबकि 119 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर संभावित शांति भंग की आशंका को नियंत्रित किया।
विशेष अधिनियमों के तहत कार्रवाई :
01 आरोपी पर आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
12 आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण
99 आरोपियों पर कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई
158 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई
06 आरोपियों पर जुआ/सट्टा अधिनियम के तहत कार्रवाई
इसके अलावा पुलिस ने 49 गुंडा/निगरानी बदमाशों और 18 चाकूबाज प्रवृत्ति के व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर उन्हें कड़ी चेतावनी और समझाइश दी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

