रायपुर 5 मार्च 2026(आरएनएस) पारिवारिक विवाद ने एक परिवार को ऐसा जख्म दे दिया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधानसभा थाना इलाके में बीमार बच्चे को अस्पताल ले जाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो भाइयों ने मिलकर अपने ही सगे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मटिया निवासी लोकनाथ विश्वकर्मा ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे उसके पुत्र कमलेश विश्वकर्मा के बच्चे की तबीयत खराब हो गई थी। इस दौरान परिवार के ही दिनेश कुमार विश्वकर्मा बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर चले गए। जब यह बात कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा को पता चली तो वे भड़क उठे और दिनेश से पूछताछ करते हुए विवाद करने लगे।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों भाइयों ने दिनेश विश्वकर्मा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोट लगने से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश विश्वकर्मा (27 वर्ष) और अखिलेश विश्वकर्मा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

