रायपुर 5 मार्च 2026(आरएनएस) होली के जश्न के बीच रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। कुछ युवकों के बीच हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी मोनू ठाकुर ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 को वह अपने मोहल्ले में दुर्गा चौक के पास होली खेल रहा था। उसी दौरान नीरज लोधी अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG04HR6547 से वहां पहुंचा और चाय पीने चलने की बात कहकर मोनू ठाकुर और निलेश लोधी को साथ लेकर निकला। तीनों जब करीब साढ़े 11 बजे केंवसी साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे, तब वहां पहले से खड़े ध्रुव निषाद, राहुल साहू, नेमीचंद साहू, योगेन्द्र उर्फ बीरू और उनके अन्य साथी मौजूद थे।
बताया गया कि आरोपियों ने बाइक रोककर जबरन रंग-गुलाल लगाने की कोशिश की और मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। नीरज लोधी द्वारा रंग नहीं लगाने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ध्रुव निषाद और उसके साथियों ने तीनों को बाइक से नीचे गिरा दिया। स्थिति बिगड़ते देख मोनू ठाकुर और निलेश लोधी वहां से भागने लगे, तभी ध्रुव निषाद ने मोनू ठाकुर को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए महेन्द्र वर्मा पहुंचे और किसी तरह उसे छुड़ाया, लेकिन इसी दौरान संजू निषाद और उसके साथियों ने अपने पास रखे चाकू से नीरज लोधी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से नीरज लोधी के सीने, पीठ और कमर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 126(2), 103(1), 189, 190 और 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी आरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आरोपियों की पतासाजी की और सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और चूड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू पिता संतोष कुमार निषाद उम्र 21 वर्ष निवासी आरंग, योगेन्द्र निषाद उर्फ बीरू उर्फ बाऊ पिता बिन्देश निषाद उम्र 24 वर्ष निवासी आरंग, गौतम कुमार साहू पिता योगेन्द्र कुमार साहू उम्र 23 वर्ष निवासी आरंग, भोजराम निषाद उर्फ भोजू उर्फ भोज पिता पुनेश निषाद उम्र 24 वर्ष निवासी आरंग, राहुल साहू पिता सुशील साहू उम्र 23 वर्ष निवासी आरंग, नेमीचंद साहू पिता सुशील साहू उम्र 19 वर्ष निवासी आरंग तथा धनेश निषाद पिता कांशीराम निषाद उम्र 30 वर्ष निवासी आरंग शामिल हैं। इसके अलावा घटना में शामिल विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है,पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

