रायपुर 6 मार्च 2026(आरएनएस) राजधानी रायपुर के ताजनगर इलाके में सरेआम तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले तीन आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों की इस हरकत से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च को ताजनगर क्षेत्र में कुछ युवक हाथ में धारदार तलवार लेकर घूमते हुए लोगों को आतंकित कर रहे थे। उनकी इस हरकत से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज खान (24 वर्ष) पिता शेख जमलुद्दीन निवासी तक नगर, पंडरी पुलिस चौकी के पास थाना सिविल लाइन, दुर्गेश साहू उर्फ जरहा (26 वर्ष) पिता देवानंद साहू निवासी काली नगर पुलिस चौकी के पास थाना सिविल लाइन तथा नंदन राय (40 वर्ष) पिता स्वर्गीय अमल कृष्ण राय निवासी पंडरी गांधी नगर, चंद्राकर किराना स्टोर के पास थाना सिविल लाइन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी धारदार तलवार लेकर इलाके में लोगों को डरा-धमका रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

