देहरादून 6 मार्च (आरएनएस)। राजपुर रोड पर वीएलसीसी के पास गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार वकील की पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि शराब के नशे में कार चालक ने मौके पर हंगामा किया और खुद को विजिलेंस का इंस्पेक्टर बताते हुए महिला और उसके वकील पति को धमकियां दीं। मामले में डालनवाला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वेस्ट पटेलनगर निवासी करण सहगल ने कहा कि पांच मार्च की शाम करीब 6:30 बजे उनकी भाभी अर्चना उपाध्याय सहगल राजपुर रोड से गुजर रही थीं। तभी पीछे से आ रही कार ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गईं। वहां मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया। जिसने अपना नाम बिजेंद्र भटोला बताया। आरोप है कि चालक नशे में था और उसने घायल महिला को धमकी दी कि वह विजिलेंस में है और पुलिस उसका कुछ नहीं कर सकती। सूचना पर जब पीडि़ता के पति अधिवक्ता वीरेंद्र सहगल मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी कार्रवाई करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। हादसे में अर्चना के सीधे पैर का मांस फट गया है। हाथी बड़कला चौकी इंचार्ज सतबीर भंडारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विजिलेंस नहीं आईटीबीपी का इंस्पेक्टर है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

