चित्रकूट 6 मार्च (आरएनएस )। प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए।
जानकारी के अनुसार थाना पहाड़ी के ग्राम परसौजा निवासी कुबेर ने अपनी पुत्री नीलू की शादी दीपक कुमार निवासी भंसुरी थाना कमासिन जिला बांदा के साथ किया था। पति के बाहर रहकर कमाने के चलते नीलू विगत छ: माह से अपने मायके ग्राम परसौजा में रहती थी व गर्भवती थी। सुबह प्रसव वेदना होने पर मायके के लोग नीलू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी लाए। जहां स्टाफ की देखरेख में रही। सुबह करीब सात बजे दर्द बढऩे पर मौजूद स्टाफ द्वारा प्रसव कक्ष में ले जाया गया। प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही से इंकार कर शव का पंचनामा न कराने को कह शव अपने घर ले गए। वहीं जब इस सम्बन्ध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डा उदय प्रताप सिंह से बात की तो बताया कि पहला बच्चा होने के चलते प्रसूता दर्द सहन नहीं कर सकी और मौत हो गई।

