दुर्ग, 07 मार्च (आरएनएस)। जिले के समोदा गांव में सामने आए अवैध अफीम की खेती के मामले में अब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (हृष्टक्च) की भी एंट्री हो गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद भाजपा ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिलने पर 6 मार्च को समोदा गांव में स्थित खेत में छापेमारी की गई थी, जहां करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए थे। बताया जा रहा है कि यह खेत भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेताओं का है, जहां कथित तौर पर चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस द्वारा लोगों को रोकने की कोशिश की गई तो हल्की झूमाझटकी की स्थिति भी बन गई। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इधर आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकर का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि उन्होंने खेत को अधिया (आधी फसल के बंटवारे) पर दिया था।
डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान
इस पूरे मामले पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो भी व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने का इतिहास कांग्रेस का रहा है और अपराध से कांग्रेस की संलिप्तता जगजाहिर है।
0

