धमतरी, 07 मार्च (आरएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर धमतरी जिले के ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने जिले का नाम रोशन किया है। थाना मगरलोड क्षेत्र के इस आदिवासी युवक ने यूपीएससी के अंतिम परिणाम में 623वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
अपनी इस उपलब्धि पर डायमंड सिंह ध्रुव को धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने एसपी कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान दिया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। डायमंड सिंह ध्रुव ने यह सफलता अपने पांचवें प्रयास में प्राप्त की है। गौरतलब है कि यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा को भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि धमतरी जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि यहां के एक आदिवासी युवा ने इतनी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि डायमंड सिंह ध्रुव की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डायमंड सिंह ध्रुव अपने संघर्ष और अनुभवों से क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करेंगे, जिससे अधिक से अधिक युवा यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर उच्च पदों पर चयनित होकर समाज और देश की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी (आईपीएस), डायमंड सिंह ध्रुव, उनके बड़े पिता दिलीप सिंह ध्रुव और थाना प्रभारी मगरलोड लक्ष्मीकांत शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0

