रायपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भांटागांव चौक में डॉग रेस्क्यू के नाम पर एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और कुत्ता जबरन ले जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने डॉग रेस्क्यू संस्था से जुड़ी मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीडि़ता गुरप्रीत कौर गिल ने बताया कि भांटागांव चौक के पास कथित डॉग रेस्क्यू संस्था से जुड़ी किरण आहूजा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंची थी। इसी दौरान कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। पीडि़ता का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की, जबकि वह चार महीने की गर्भवती है। महिला का यह भी कहना है कि झगड़े के दौरान उसका मोबाइल फ ोन छीन लिया गया और वहां मौजूद कुत्ते को भी आरोपी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीडि़ता ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। शुरुआती जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने किरण घनश्याम आहूजा और अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ लोग पशु सेवा या डॉग रेस्क्यू के नाम पर विवाद खड़ा करते हैं और कई बार यह मामला गाली-गलौज या मारपीट तक पहुंच जाता है। कई मामलों में आरोपी संस्था का नाम लेकर कार्रवाई से बचने की कोशिश भी करते हैं। हालांकि इस मामले में सबूत मिलने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भांटागांव चौक और आसपास के इलाकों में कुत्तों को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। पशु प्रेमियों और स्थानीय निवासियों के बीच अक्सर कुत्तों को पकडऩे या रखने को लेकर बहस होती रहती है।
फिलहाल पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा फरार है। उसकी तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000

