0 वाहन चालकों के लिए आयोजित की गई विशेष कार्यशाला
गरियाबंद, 07 मार्च (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गरियाबंद जिला पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर एसपी कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित इस बैठक में व्यावसायिक और निजी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया।
बैठक में यातायात प्रभारी एवं उप पुलिस अधीक्षक लितेश सिंह ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ भारी जुर्माने के साथ लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवर स्पीड से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें अपने वाहनों के बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण पत्र (क्कष्ट) को समय-समय पर अपडेट रखने की भी सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने जिले के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट यानी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी भी वाहन चालकों के साथ साझा की और उन स्थानों पर विशेष सावधानी बरतते हुए वाहन की गति नियंत्रित रखने की अपील की। बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
0

