कोंडागांव,07 माच (आरएनएस)। जिले में पीएमश्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत शुक्रवार को कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने पीएमश्री शाला हरवेल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा बच्चों और शिक्षकों से संवाद कर पढ़ाई-लिखाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली।कलेक्टर ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक शिक्षक को सालेभाट शाला में अध्यापन कार्य हेतु व्यवस्था करने के लिए डीएमसी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा पहली में दर्ज 13 विद्यार्थियों के लिए तत्काल बेंच की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही किचन गार्डन में ड्रिप सिंचाई लगाने तथा एफएलएन सामग्री को व्यवस्थित स्थान पर रखने के लिए कहा। पंचायत द्वारा निर्मित अतिरिक्त कक्ष को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के लिए सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया। वहीं विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था, पेंटिंग कार्य सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पांच दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, डीएमसी ईमल बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश, जनपद सीईओ अनुराग सिन्हा सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००

