बिलासपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने एक युवक को बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी होटल की पार्किंग में जेब में चाकू लेकर खड़ा था और किसी वारदात की फिराक में बताया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनेरी होटल की पार्किंग में एक युवक जेब में चाकू लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पीछे की जेब से एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी लक्की यादव (19 वर्ष), पिता अमरदीप यादव, निवासी दीपूपारा थाना तारबाहर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, सहायक उपनिरीक्षक उदयभान सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कसेर, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और राहुल राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०

