लखनऊ,07 मार्च (आरएनएस) । उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने और पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से थनैला रोग नियंत्रण एवं निदान योजना के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।इस संबंध में पशुधन विभाग द्वारा शासनादेश जारी कर दिया गया है। शासनादेश में निदेशक, रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र को निर्देशित किया गया है कि स्वीकृत धनराशि का आहरण एवं व्यय अनुमोदित कार्ययोजना तथा निर्धारित मदों के अनुरूप किया जाए। साथ ही योजना के लिए निर्धारित गाइडलाइन्स का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि व्यय का पूरा विवरण तैयार कर उपयोगिता प्रमाण-पत्र शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त यह भी निर्देश दिया गया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग किसी अन्य मद, योजना अथवा कार्यक्रम में नहीं किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से पशुओं में होने वाले थनैला रोग के नियंत्रण और समय पर निदान में मदद मिलेगी, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी तथा पशुपालकों को आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

