महंत बलवीर गिरी ने पंचामृत से कराया स्नान
प्रयागराज ,07 मार्च (आरएनएस)। संगम तट पर ‘श्री बड़े हनुमान मंदिर’ में शनिवार को फाल्गुन कृष्णपक्ष की षष्ठी के अवसर पर विशेष पूजा- अर्चना और भव्य शृंगार का आयोजन किया गया। श्री मठ बाघम्बरी गद्दी के महंत और मंदिर के संरक्षक महंत बलवीर गिरी जी महाराज ने अपने हाथों से बजरंग बली का दिव्य अभिषेक और शृंगार संपन्न किया।
शनिवार की भोर से ही मंदिर में भक्तों का तांता लग गया था। जो पूरे दिन चलता रहा, एक विशेष अनुष्ठान के तहत महंत बलवीर गिरी ने हनुमान जी को दूध, दही, शहद, हल्दी और शुद्ध देसी घी यानी पंचामृत से स्नान कराया। इसके उपरांत, संगम के पावन गंगा जल से प्रभु का अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और “जय श्री राम” के उद्घोष से गुंजायमान रहा। स्नान के पश्चात हनुमान जी का भव्य शृंगार किया गया। प्रभु को नए वस्त्र, सिंदूर का लेपन और फूलों की मालाओं से सजाया गया। श्रृंगार के बाद बजरंग बली को विशेष मोदक और ऋतु फलों का भोग लगाया गया। शृंगार के उपरांत महंत जी ने महाआरती उतारी और उपस्थित भक्तों के कल्याण की कामना की।
महंत बलवीर गिरी जी महराज ने इस अवसर पर बताया कि हनुमान जी की पूजा के लिए शनिवार का दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। उन्होंने कहा फाल्गुन मास के कृष्णपक्ष की षष्ठी तिथि और शनिवार का संयोग भक्तों के लिए कष्ट निवारक होता है। आज के दिन पंचामृत स्नान और विशेष शृंगार से शनि दोषों से मुक्ति मिलती है और हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
महंत बलबीर गिरी इन दिनों विश्व शांति के लिए पांच दिवसीय विशेष अनुष्ठान भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज हनुमान जी के चरणों में प्रार्थना की गई कि देश-दुनिया में सुख-शांति बनी रहे और श्रद्धालुओं के जीवन से सभी व्याधियां दूर हों। शाम तक हजारों भक्तों ने कतारबद्ध होकर प्रभु के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन किए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

