टीकमगढ़,07 मार्च (आरएनएस)। जिले के थाना खरगापुर क्षेत्र में डायल-112 जवानों की त्वरित, संवेदनशील और जिम्मेदार कार्यवाही ने देर रात रास्ता भटककर असहाय खड़ी एक महिला को सुरक्षित उसके घर पहुँचाकर महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सिद्ध किया। संकट की इस घड़ी में डायल-112 टीम ने जिस मानवीय संवेदनशीलता, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करता है।
दिनांक 06 मार्च को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खरगापुर क्षेत्र अंतर्गत कुड़ीला चौराहे पर एक महिला खड़ी है, जिसे घर जाने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही थाना खरगापुर क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 स्टाफ आरक्षक चंद्रपाल एवं पायलट देवेंद्र यादव कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुँचे और महिला से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि महिला परिजनों से नाराज होकर घर से निकल आई थी, लेकिन स्थानीय क्षेत्र की जानकारी न होने के कारण रास्ता भटक गई। देर रात होने के कारण उसे घर लौटने के लिए कोई साधन भी नहीं मिल पा रहा था, जिससे वह असहाय स्थिति में चौराहे पर खड़ी थी।
डायल-112 जवानों ने मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए महिला को एफआरव्ही वाहन में बैठाकर उसके द्वारा बताए गए पते पर सुरक्षित पहुँचाया। पहचान और सत्यापन के उपरांत महिला को समझाइश देते हुए उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रात्रि के समय मिली इस त्वरित सहायता से महिला और उसके परिजनों ने राहत महसूस की तथा डायल-112 सेवा और पुलिस जवानों की तत्परता एवं संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना यह संदेश देती है कि मध्यप्रदेश पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है।

