धमतरी, 07 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में एक किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारकर यह कार्रवाई की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 07 मार्च 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा वार्ड में जिला अस्पताल के पीछे स्थित पंकज गौतम के मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने गवाहों और पांईटर के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मकान के अंदर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगद राशि, दवाइयां जैगोर-100, मेनफोर्स, कंडोम और फोन-पे ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 रुपये की मशरूका जब्त की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुशील गिलहरे ने मकान किराये पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच देकर और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
त्रिपाठी
०

