रायपुर 9 मार्च 2026(आरएनएस) सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही बाइक पर चार नाबालिग बच्चे सवार होकर सड़क पर तेज रफ्तार में घूमते नजर आए। इस खतरनाक करतब का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में हैरानी और चिंता दोनों बढ़ गई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाइक पर चारों बच्चे सवार हैं और बिना किसी सुरक्षा के बेखौफ सड़क पर वाहन दौड़ा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक चलाने वाला भी नाबालिग बताया जा रहा है। इस तरह की लापरवाही न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
इधर रायपुर के भनपुरी चौक क्षेत्र में भी ऐसा ही एक गंभीर मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति अपने दोपहिया वाहन में तीन छोटे बच्चों को बैठाकर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान भोजराज ताण्डी, पिता राजेश ताण्डी, निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अप.क्र. 157/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है सड़क पर इस तरह की लापरवाही किसी की भी जान के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए अभिभावकों से भी अपील की जा रही है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

