ग्वालियर 09 March, (Rns) । मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से सोमवार को एक बार फिर वन्यप्रेमियों के लिए खुशखबरी आई है। मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही अब चीतों का आंकड़ा 50 से ऊपर पहुंच गया है। अब देश में कुल 53 चीते हो गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर खुद यह जानकारी साझा की है।
उन्होंने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा कि कूनो नेशनल पार्क से फिर खुशखबरी मिली है। चीता ज्वाला ने 5 शावकों को जन्म दिया है, जो प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही भारत में चीतों की संख्या अर्धशतक के आंकड़े को पार करते हुए 53 तक पहुंच गई है।
सीएम ने आगे लिखा कि यह वन्यजीव संरक्षण के लिए गर्व का क्षण है और भारत में चीतों की पुनर्स्थापना के प्रयासों की सफलता का मजबूत प्रमाण भी है। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें मादा चीता ज्वाला अपने पांच नवजात शावकों के साथ नजर आ रही है।

