निर्विरोध जीत पर समर्थकों ने दी बधाई*
रायपुर 09 March, (Rns) । छत्तीसगढ़ से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गई हैं। सोमवार को दोनों नेत्री विधानसभा पहुंचकर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
प्रमाण पत्र लेने के बाद दोनों सांसदों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और गले मिलकर बधाई दी। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं दीं।
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी के बाद दोनों उम्मीदवार निर्विरोध चुनी गईं। इसके बाद सोमवार को उन्होंने विधानसभा पहुंचकर आधिकारिक तौर पर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र लिया।
इस अवसर पर दोनों सांसदों ने पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में वे छत्तीसगढ़ और प्रदेश की जनता के हितों को मजबूती से उठाने का काम करेंगी।

