*बेलघरिया में फ्लैट से 70 करोड़ के जाली नोट बरामद, दंपति समेत सात गिरफ्तार*
कोलकाता 09 march (Rns) । महानगर कोलकाता संलग्न कामरहाटी नगरपालिका क्षेत्र के एक फ्लैट में छापेमारी के दौरान करीब 70 करोड़ के जाली नोट बरामद हाेने के बाद दंपति समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नेपाल पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने की। अधिकारियों ने आज बताया कि बेलघरिया इलाके में कामरहाटी नगरपालिका क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में छापेमारी की गई। लोहे के बक्सों में रखे करीब 70 करोड़ की फेस वैल्यू वाले जाली नोट बरामद हुए। तलाशी के दौरान 12 मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपितों में स्थानीय निवासी दीपा धर और उनके पति अरिंदम धर भी शामिल हैं। दीपा इसी इलाके की रहने वाली हैं, जबकि अरिंदम हरिनावी (सोनारपुर) के निवासी बताए गए हैं। दोनों की शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी। दंपति वर्ष 2024 में नेपाल गया था, जहां से उनके जाली नोट के इस रैकेट से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए व्यापारियों से संपर्क किया। वे उन्हें जाली नोटों के बंडल दिखाकर ऐसी निवेश योजनाओं का लालच देते थे, जिनमें असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का वादा किया जाता था। एक अधिकारी के अनुसार, आरोपितों का दावा होता था कि निवेश की गई राशि कम समय में दोगुनी हो जाएगी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह गिरोह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय जाली नोट तस्करी नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सात लोगों में एक नेपाली नागरिक भी शामिल है। सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि जाली नोटों के स्रोत और इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। लोगों का कहना है कि जिस फ्लैट में छापेमारी हुई, वह इलाके में अक्सर होने वाली भव्य पार्टियों और लगातार होने वाली भीड़-भाड़ के कारण पहले से ही चर्चा में रहता था।

