कानपुर 10 March, (Rns): कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अमित मिश्रा और उनके परिवार के खिलाफ उनकी पत्नी गरिमा तिवारी ने घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए अदालत में नया मुकदमा दायर किया है। जानकारी के मुताबिक, 9 मार्च 2026 को गरिमा तिवारी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में शिकायत दाखिल की। शिकायत में उन्होंने पति अमित मिश्रा और उनके परिवार पर लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और अवैध संबंधों के आरोप लगाए हैं।
गरिमा तिवारी, जो कानपुर के बिरहाना रोड की निवासी और पूर्व मॉडल हैं, का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने कानूनी कार्रवाई की है। इससे पहले भी उन्होंने कानपुर पुलिस कमिश्नर और फिलखाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पिछले एक वर्ष से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें अदालत का सहारा लेना पड़ा।
गरिमा का आरोप है कि अमित मिश्रा की पहुंच और प्रभाव के कारण पुलिस स्तर पर उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। फिलहाल कोर्ट ने इस मामले में घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पक्ष को नोटिस जारी कर दिया है।
गरिमा तिवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम के जरिए अमित मिश्रा से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कुछ महीनों बाद अमित ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। परिवार की सहमति से 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में दोनों की शादी हुई। हालांकि गरिमा का आरोप है कि सगाई के बाद से ही अमित और उनके परिवार ने लग्जरी कार और अन्य महंगे सामान की मांग करते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया था।
गरिमा का कहना है कि शादी के बाद भी दहेज की मांग जारी रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के करीब एक साल बाद उन्हें अमित की कई युवतियों के साथ इंस्टाग्राम चैटिंग के स्क्रीनशॉट मिले। विरोध करने पर अमित ने तलाक की धमकी दी और मारपीट की। गरिमा के मुताबिक, अमित घर खरीदने के बहाने पैसों की मांग करते थे और मना करने पर उनके साथ मारपीट करते थे।
गरिमा ने अपनी शिकायत में पति के साथ-साथ सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी ऋतु मिश्रा और ननद स्वाति पर भी उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सास अतिरिक्त दहेज की मांग करती थीं और ननद उनके पहनावे और रहन-सहन को लेकर ताने देती थीं। लगातार प्रताड़ना के कारण गरिमा डिप्रेशन की शिकार हो गईं और पिछले एक वर्ष से मायके में रहकर इलाज करा रही हैं। उन्होंने अदालत से एक करोड़ रुपये का हर्जाना, मासिक भत्ता, अपने आभूषणों की वापसी और पति के घर में रहने का अधिकार देने की मांग की है।
कौन हैं अमित मिश्रा
अमित मिश्रा कानपुर के मीरपुर कैंट के निवासी हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात लॉयंस, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। वर्तमान में वे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में सुरक्षा विभाग में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल यह मामला कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, आरोपों पर अभी तक अमित मिश्रा या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अदालत में होने वाली आगामी सुनवाई के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

