लुधियाना 10 March, (Rns): पंजाब के लुधियाना जिले में तीन स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा संदेश सीबीएसई से जुड़े इन स्कूलों को करीब सुबह 7 बजे प्राप्त हुआ, जिसमें स्कूल परिसरों में बम होने की जानकारी दी गई थी।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं; सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

