खेड़ा 10 March, (Rns) : गुजरात के खेड़ा में पुलिस ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नडियाद में ‘ऑपरेशन बुलडोजर’ चलाया है और 1 करोड़ 21 लाख रुपए की विदेशी शराब पर बुलडोजर चला दिया है। कोर्ट के आदेशानुसार और पुलिस की मौजूदगी में विभिन्न ब्रांडों की 42 हजार से अधिक शराब की बोतलों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया है।
यह कार्रवाई नडियाद पीज चौकड़ी के पास की गई है। पुलिस को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई रेड में यह शराब जब्त की गई थी। नडियाद डिवीजन के तहत आने वाले पांच पुलिस थानों— नडियाद रूरल, नडियाद पश्चिम, चकलासी, वसो और वड़ताल—के विभिन्न मामलों में पकड़ी गई शराब का निपटान किया गया।
गौरतलब है कि गुजरात में शराब बैन है, उसके बावजूद इतनी मात्रा में शराब का नष्ट किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप कहां आई थी या इसके पीछे कौन लोग हैं, उसके बारे में जांच जारी है।

