रायपुर,10मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। लगभग एक दशक के अंतराल के बाद एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस स्टेडियम को अपने होम ग्राउंड के रूप में चुना है और यहां दो मैच आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।जानकारी के मुताबिक फ्रेंचाइजी इन मुकाबलों को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच आयोजित कराने की योजना बना रही है। अगर यह योजना सफल होती है तो दर्शकों को विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाडिय़ों को एक ही मैदान पर खेलते देखने का मौका मिलेगा।इन संभावित मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। वीआईपी गैलरी को अधिक आधुनिक बनाने की योजना है, वहीं दर्शकों के अनुभव को बेहतर करने के लिए स्टेडियम में लगी बड़ी स्क्रीन को भी अपग्रेड किया जाएगा।गोल्ड और सिल्वर सीटें होंगी अधिक लग्जरीस्टेडियम में मौजूद गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को भी पहले से अधिक आरामदायक और लग्जरी बनाने का प्रस्ताव है, ताकि दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही अपर गैलरी में लगी दोनों स्क्रीन को हटाने की योजना बनाई गई है। इन स्क्रीन को हटाने से करीब 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था हो सकेगी। नई जगह पर अत्याधुनिक बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनसे दर्शक मैच के महत्वपूर्ण पलों को स्लो मोशन में देख सकेंगे।प्लेटिनम बॉक्स में भी होगा बदलावफ्रेंचाइजी के विशेषज्ञों ने स्टेडियम के प्लेटिनम बॉक्स में लगे कांच को बदलने की भी सलाह दी है। लगभग 700 दर्शकों की क्षमता वाले इस बॉक्स का उपयोग आमतौर पर वीवीआईपी मेहमानों के लिए किया जाता है, इसलिए यहां आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के अनुसार खिलाडिय़ों की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम के बाहर अलग से एक पिच तैयार की जाएगी। साथ ही फ्रेंचाइजी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रायपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकता है।करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में आईपीएल मुकाबलों के आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने यहां की सुविधाओं और शहर के प्रमुख होटलों का भी सर्वे किया है। यदि सभी तैयारियां तय समय में पूरी हो जाती हैं, तो रायपुर के क्रिकेट प्रशंसकों को लंबे समय बाद आईपीएल के हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने का अवसर मिल सकता है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

