- खाई में पलटी तेज रफ्तार कार, शादी से लौट रही महिला सहित दो की मौत, चार घायल
मेरठ 10 march(rns)/- मंगलवार की सुबह जानी थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे मेहमानों की कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक जानी के नंदपुरा गांव के रहने वाले रवि की बहन की सोमवार को शादी थी। बताया जाता है शादी समारोह में शामिल होने के बाद मंगलवार की सुबह जौनपुर और अमरोहा के मेहमान वापसी की ट्रेन पकड़ने के लिए कार से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान बागपत रोड पर जानी पीर के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार एक खाई में पलट गई।
हादसे में अमरोहा के बहादुरपुर निवासी 34 वर्षीय रोहित कुमार और जौनपुर के बदलापुर निवासी 48 वर्षीय सुमन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जौनपुर बदलापुर निवासी शिवम सिंह, शेर बहादुर, आयुषी सिंह और फूलवती गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस द्वारा सभी घायलों को अस्पताल भेजते हुए मृतकों के शवों को मोर्चरी भेजा गया।
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों की भीड़ लग गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

