रायपुर, 10 मार्च (आरएनएस)। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के चलते मिडिल-ईस्ट क्षेत्र में हालात गंभीर हो गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एहतियातन कदम उठाते हुए पश्चिम एशिया में रह रहे राज्य के नागरिकों की सहायता और समन्वय के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली स्थित आवासीय आयुक्त कार्यालय में पदस्थ लॉयजन अधिकारी लेखा अजगल्ले को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्हें पश्चिम एशिया में मौजूद छत्तीसगढ़ के लोगों की मदद करने और उनके आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं में समन्वय स्थापित करने का दायित्व दिया गया है। राज्य सरकार ने जरूरतमंद नागरिकों की सुविधा के लिए नोडल अधिकारी के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में मोबाइल नंबर 8349840582, कार्यालयीन दूरभाष 011-46156000 और फैक्स नंबर 011-46156030 पर संपर्क किया जा सकता है। सरकार का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
०


