रायगढ़, 10 मार्च (आरएनएस)। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के चिखली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब दो युवकों के शव पेड़ से लटके हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान दीपक बरेठ (21), निवासी तेतला, जिला रायगढ़ और शिवशरण कर्ष (22), निवासी कटंगपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दीपक अपने मित्र लाभोराम के साथ शिवशरण को कटंगपाली से जन्मदिन मनाने के लिए लेने गया था। बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्होंने एक अन्य साथी को उतार दिया, जिसके बाद दोनों युवक देर शाम तक साथ रहे और शराब पार्टी की। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में दोनों ने साड़ी का फंदा बनाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुसौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है तथा लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
०

