जोधपुर ,11 मार्च (आरएनएस)। सूर्यनगरी में इन दिनों शादियों का सीजन परवान पर है, लेकिन इसके साथ ही समारोह स्थलों पर चोरी करने वाली शातिर गैंग भी सक्रिय हो गई है। ताजा मामला बोरानाडा थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चालाकी से बैग काटकर लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, धुंधाड़ा हाउस (बच्छराज जी का बाग) निवासी इन्द्रजीत सिंह मेवाड़ा ने मामला दर्ज कराया है। घटना 7 मार्च की रात की है, जब पाल-चौपासनी बाईपास रोड स्थित एक गार्डन में उनके भतीजे का विवाह समारोह चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे जब इन्द्रजीत सिंह मेहमानों के स्वागत में व्यस्त थे, तभी बदमाशों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। पीडि़त के पास एक बैंगनी रंग का बैग था, जिसमें 500-500 के चार बंडल (कुल 2 लाख रुपए) और मेहमानों द्वारा व्यवहार में दिए गए लिफाफे रखे थे। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने बैग के दोनों तरफ कट लगाया और नकदी समेत लिफाफे निकाल लिए। घटना का पता तब चला जब पीडि़त ने बैग संभाला, लेकिन तब तक आरोपी रफूचक्कर हो चुके थे।
पीडि़त ने अपनी रिपोर्ट में आशंका जताई है कि समारोह में मौजूद ढोल बजाने वाले लड़कों या किसी सक्रिय गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया है। अक्सर शादियों में ऐसे गिरोह के सदस्य वेटर, ढोल वादक या मेहमान बनकर शामिल होते हैं और कीमती सामान पर नजर रखते हैं।
बोरानाडा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 305 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल महेंद्र को जांच सौंपी गई है। पुलिस अब गार्डन में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

